मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन की स्थिति चिंताजनक, मंत्री-विधायक लगातार पहुंच रहे अस्पताल
रांची, 06 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
रूपी सोरेन करीब 80 साल की हैं और लंबे समय से बीमार चल रही हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के लिए मंत्री और विधायक लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अस्पताल में इलाज के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि डॉक्टरों के अनुसार रूपी सोरेन की स्थिति फिलहाल स्थिर है। डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं और इलाज जारी है। वेंटिलेटर से जुड़े सवाल पर योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि वे खुद अंदर जाकर स्थिति नहीं देख सकते, लेकिन डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार स्थिति नियंत्रित और स्थिर है। उन्होंने जल्द स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद जताई। रूपी सोरेन की तबीयत को लेकर अस्पताल के बाहर नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की आवाजाही बनी हुई है। मंत्री और विधायक डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की जा रही है।
मंत्री हफीजुल अंसारी भी अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री की मां की तबियत की जानकारी ली। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। अस्पताल की ओर से विस्तृत मेडिकल अपडेट का इंतजार है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन पिछले 19 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद कैबिनेट की बैठक स्थगित कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

