राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित दो शिक्षकों समेत 11 कर्मी का आयुक्त और उपायुक्त ने बढ़ाया हौसला
रामगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी), चितरपुर के तत्वावधान में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों एवं मास्टर ट्रेनरों को शॉल, प्रमाण-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने उनके शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए शिक्षकों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। समारोह में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता और उपायुक्त ऋतुराज सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, डीआईईटी चितरपुर की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
समारोह में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित तजिंदर कौर, पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय रजरप्पा प्रोजेक्ट एवं श्रीश्वरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मनुआ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, सतत व्यावसायिक विकास (सीपीडी) के तहत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाने वाले नौ शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण और विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान उनका मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करता है। कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

