होमगार्ड बहाली में देरी पर अभ्यर्थियों ने निकाला आक्रोश मार्च
रामगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के खिलाफ सोमवार को छात्रों और अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। सैकड़ों की संख्या में सोमवार को छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्ण लेकिन जोरदार विरोध दर्ज करते हुए पैदल मार्च निकाला और जिला प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। छात्र नेता गौतम कुमार महतो के नेतृत्व में आयोजित इस आक्रोश मार्च में गोला, दुलमी, चितरपुर, रामगढ़, मांडू और पतरातू प्रखंड से पहुंचे अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। मार्च की शुरुआत सुभाष चौक से हुई और लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए छात्र छत्तरमांडू स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
मार्च के दौरान अभ्यर्थियों ने 'छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो' और 'जल्द से जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करो' जैसे नारों के साथ प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। चिलचिलाती धूप के बावजूद छात्रों का उत्साह और आक्रोश दोनों साफ दिखाई दे रहे थे।
इस आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक व्यक्तियों का भी समर्थन मिला। भाजपा से जुड़े सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, केंद्रीय उपाध्यक्ष भारती कुशवाहा, पनेश्वर महतो और युगेश चंद्र भारती सहित अन्य लोगों ने छात्रों के साथ कदम से कदम मिलाकर उनकी मांगों का समर्थन किया। मार्च के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में गौतम कुमार महतो के साथ अन्य प्रमुख लोग भी शामिल थे। छात्रों ने डीसी को बताया कि बहाली प्रक्रिया में देरी के कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है और वे मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
डीसी ने छात्रों को आश्वासन दिया कि रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया की अधिसूचना 15 दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद छात्रों ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। छात्र नेता गौतम कुमार महतो ने स्पष्ट कहा कि पहले 282 पदों पर बहाली की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो छात्र उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पैदल मार्च में आनंद केटियार, पांडव महतो, संतोष चौधरी, समीर अयूबी, सनी देओल महतो, गुड्डी महतो, प्रीति कुमारी, टिंकू पटेल, वीरेंद्र कुमार, पिंटू कुमार महथा, महेश महथा, ट्विंकल करमाली, नीतीश कुमार महतो, विनोद करमाली, सुधीर महतो, करण करमाली सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

