पर्व-त्योहारों में ध्वनि प्रदूषण के तय मानकों का सख्ती से पालन कराएं अधिकारी : उपायुक्त
रांची, 02 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में बैठक की। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री जिला प्रशासन की विभिन्न प्राथमिकताओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए समय पर पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में उपायुक्त ने शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को बधाई दी।
मार्च क्लोजिंग के मद्देनज़र उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों को फर्जी निकासी पर विशेष सतर्कता बरतने और अंतिम समय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
विधानसभा सत्र और पर्व-त्योहारों पर विधि-व्यवस्था को लेकर निर्देश
विधानसभा सत्र और आगामी पर्व-त्योहारों होली, ईद, सरहुल और रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर उपायुक्त ने एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) को निर्देश दिया। होली को लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया।
पर्व-त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए तय मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों के 24 घंटे संचालन की जानकारी ली। साथ ही समाहरणालय सभागार के जीर्णोद्धार की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के निर्देश
वहीं नगरपालिका (आम) निर्वाचन में चुने गए जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर भी उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की ओर से जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया। साथ ही उपायुक्त की ओर नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया गया।
वहीं रांची के प्रमुख जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराने के संबंध में उच्च न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
जिला में बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने और किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े पर सख्त रोक लगाने के निर्देश उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की ओर से दिया गया।
अंचल और प्रखंड कार्यालयों में बीडीओ/सीओ सहित सभी कर्मियों को आईडी कार्ड उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारी की ओर से बताया गया कि कार्य पूरा कर लिया गया है।
छात्रवृत्ति, धान की खरीदारी, मंईयां सम्मान से स्वावलंबन सहित अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

