जमशेदपुर में लव जिहाद के विरोध में धरना, सख्त कानून की उठी मांग
जमशेदपुर,19 अप्रैल (हि.स.)। शहर में 'लव जिहाद' के मुद्दे को लेकर रविवार को विरोध तेज हो गया। साकची गोलचक्कर के समीप विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल व भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया,जिसमें बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में नारेबाजी से माहौल गरमाया रहा।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ते ऐसे मामलों को लेकर गंभीर चिंतन और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में सतर्कता बरतने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की बात कही।
धरना दे रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे इस मुद्दे पर समाज में जागरूकता फैलाना चाहते हैं। उनका आरोप था कि संगठित तरीके से युवतियों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे रोकने के लिए सख्त कानून और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान 'धर्म परिवर्तन का खेल नहीं चलेगा', 'हिंदू समाज एकजुट रहो' जैसे नारे लगाए गए।
आयोजकों में विहिप के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है और विभिन्न जिलों में इसी तरह के सांकेतिक धरने आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन इस मुद्दे पर ठोस पहल नहीं करते हैं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा व्यापक स्तर पर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

