मुख्यमंत्री ने दुर्गा सोरेन को दी श्रद्धांजलि
रांची, 21 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गुरुवार को झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक दिवंगत दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर लोवाडीह स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति आज हम सभी लोग यहां एकत्रित होकर दुर्गा सोरेन जी को याद कर रहे हैं। वह एक दूरदर्शी, संघर्षशील एवं जनभावनाओं से जुड़े हुए नेता थे। उनका जीवन जन कल्याण के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार एवं आदर्श सदैव हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे।
दुर्गा सोरेन स्मारक स्थित उनकी प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

