home page

घर में घुसी स्कॉर्पियो, चालक सहित दो की मौत

 | 
घर में घुसी स्कॉर्पियो, चालक सहित दो की मौत


लातेहार, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के दामोदर गांव के पास बुधवार की शाम अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। इस हादसे में घर के बाहर मौजूद राखी देवी (40) और स्कॉर्पियो चालक अरविंद कुमार (30) की मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को रिम्स, रांची रेफर कर दिया। घायलों में ललिता देवी, रेनू देवी सहित पांच अन्य लोग शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी अधिक थी। दामोदर गांव के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। हादसे के समय घर के बाहर मौजूद लोग वाहन की चपेट में आ गए।

वहीं, स्कॉर्पियो में सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चंदवा थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार