home page

जंगल में भू-माफिया और दबंग कब्जा कर रहे वन भूमि, प्राथमिकी दर्ज

 | 
जंगल में भू-माफिया और दबंग कब्जा कर रहे वन भूमि, प्राथमिकी दर्ज


रामगढ़, 23 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में भू माफिया और दबंग लोग सरकारी जमीन और जंगल की जमीन पर कब्जा करने के लिए आतुर हैं। कई स्थानों पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। वहीं दूसरी ओर वन विभाग भी अब भू माफियाओं और दबंगों के खिलाफ खुलकर सामने आ गया है। वन विभाग ने रामगढ़ शहर के नई सराय, शास्त्री नगर निवासी रूपेश पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर यह स्पष्ट कर दिया कि भू माफियाओं की अब नहीं चलने वाली है।

रामगढ़ कोर्ट में दर्ज हुआ मुकदमा

प्रभारी वन परिसर पदाधिकारी, चैनपुर, अजीत कुमार ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, रामगढ़ कोर्ट को एक आवेदन दिया है। जिसमें रूपेश पासवान के द्वारा वन भूमि पर किए जा रहे भवन निर्माण की पूरी जांच रिपोर्ट सौंपी गई है। उन्होंने जांच रिपोर्ट में कहा है कि 19 में को वनरक्षी सुरेंद्र कुमार द्वारा एक अपराध प्रतिवेदन समर्पित किया गया। जिसमें यह तथ्य था कि नई सराय अधिसूचित वन के अंदर कुछ लोग वन भूमि पर मकान का निर्माण कर रहे हैं।

जंगल में मजदूर बना रहे थे मकान

इस सूचना पर जब टीम घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि वन सीमा के अंदर मजदूरों के द्वारा मकान निर्माण किया जा रहा है। वन विभाग की टीम को अपनी और आते देख कार्य में लगे मजदूर भागने लगे। उन लोगों के खिलाफ पूर्व में भी वन वाद 301/21, 847/23 दर्ज है। यह लोग आदतन और इरादतन अपराधी हैं। इस बार रुपेश पासवान पर पुन : केस संख्या 675/26 दर्ज किया गया है।

वन भूमि कब्जा करने वाले हर शख्स पर होगी कार्रवाई

वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, बटेश्वर पासवान ने कहा कि शास्त्रीनगर नईसराय में वन भूमि घेरने के आरोप में रुपेश पासवान पिता बुतरु पासवान के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। साथ ही पूरे मामले की गहनता पूर्वक जांच की जा रही है। घटना में जुड़े सभी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रुपेश पासवान पूर्व में भी वन भूमि घेरने का कोशिश कर चुका है। जिसे लेकर रुपेश पासवान के विरुद्ध केस दर्ज किया गया था। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अपने हरकत से बाज नहीं आ रहा है। इस बार उसे कड़ा सबक सिखाया जाएगा। ताकि वन भूमि घेरने के बाबत वह सोच भी न सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश