home page

गैस सिलेंडर के मूल्य वृद्धि के खिलाफ झामुमो का धरना प्रदर्शन

 | 
गैस सिलेंडर के मूल्य वृद्धि के खिलाफ झामुमो का धरना प्रदर्शन


रामगढ़, 07 मई (हि.स.)। गैस सिलेंडर के मूल्य वृद्धि के खिलाफ झामुमो सड़क पर उतर गया है। केंद्रीय समिति के निर्देश पर गुरुवार को पार्टी की जिला समिति ने समाहरणालय के समक्ष आक्रोशपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार की ओर सेे घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोत्तरी का विरोध किया गया।

झामुमो नेताओं ने कहा कि छोटे गैस सिलेंडर में 261 रुपए और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में 993 रुपए की अप्रत्याशित वृद्धि से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इस अप्रत्याशित मूल्य वृद्धि से ठेला लगाने वाले, छोटे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालक और आम उपभोक्ता बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।

झामुमो नेताओं ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर सभी स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित किए जा रहे हैं। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता केंद्रीय सदस्य महेंद्र मुंडा और संचालन पूर्व केंद्रीय सदस्य महेश ठाकुर ने की। धरना समाप्ति के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने राजकुमार महतो के नेतृत्व में उपायुक्त के नाम मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

धरना प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता राजकुमार महतो, चित्रगुप्त महतो, सोनाराम मांझी, भुवनेश्वर महतो, बैच करमाली, सागर हुसैन सहित जिला संयोजक मंडली के सदस्य विजय राम, पिंकी बेसरा, साजिद आलम, दुबराज पाहन, योगेश बेदिया, शिव करमाली सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश