home page

रजरप्पा के ब्राह्मणों को बदनाम करना बंद करें जेएलकेएम, मांगे माफी : भाजपा

 | 
रजरप्पा के ब्राह्मणों को बदनाम करना बंद करें जेएलकेएम, मांगे माफी : भाजपा


रामगढ़,24 अप्रैल (हि.स.)। रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने वाले ब्राह्मणों पर जेएलकेएम नेताओं के बयान के बाद भाजपा नेता भी मुखर होकर सामने आए हैं।

सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने शुक्रवार को कहा कि जेएलकेएम नेता चुन्नू नायक ने मां छिन्नमस्तिका मंदिर को लेकर जो बयान दिया है वह न केवल तथ्यहीन है, बल्कि समाज में अनावश्यक वैमनस्य फैलाने वाला भी है। उन्होंने जेएलकेएम नेता चुन्नू नायक एवं केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो से सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण पंडा समाज से माफी मांगने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता और राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक आस्थाओं और सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत कर रहे हैं।

धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि मां छिन्नमस्तिका मंदिर सदियों पुरानी आस्था का केंद्र है। जहां पूजा-पद्धति और परंपराएं निर्धारित व्यवस्था के तहत संचालित होती रही हैं। बिना तथ्यों के इस प्रकार का आरोप लगाना कि रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के पंडाओं ने पाहनों का अधिकार छीना है,पूरी तरह भ्रामक और गैर जिम्मेदाराना है।

भारतीय सनातन परंपरा में प्रत्येक समाज और वर्ग का अपना सम्मानित स्थान और भूमिका है। ब्राह्मण समाज ने सदियों से धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही,अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के प्रति भी हमारा गहरा सम्मान है। उनके अधिकारों व विकास के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश