आरपीएफ ने रेलवे संपत्ति चोरी का किया खुलासा, चार गिरफ्तार
रांची, 19 मार्च (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे संपत्ति चोरी मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जबकि गिरोह में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। आरपीएफ की इस कार्रवाई को रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर की गई। पीआरएस कार्यालय, रांची से आरपीएफ को सूचना मिली थी कि रेलवे कोर्ट के पास स्थित एक भवन की खिड़की तोड़ दी गई है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ पोस्ट रांची में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के क्रम में 17 मार्च को निरीक्षक रांची के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट और अपराध शाखा की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर रेलवे कॉलोनी के एक क्वार्टर को चिन्हित किया। वहां घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान टीम ने पांच लोगों को रेलवे के विद्युत केबल काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से करीब 42 मीटर लंबा केबल बरामद किया गया। इसके अलावा दो हेक्सा ब्लेड और एक पेपर कटर भी जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल केबल काटने में किया जा रहा था। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया कि आरोपित संगठित तरीके से रेलवे संपत्ति की चोरी में लिप्त थे।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने कई अहम खुलासे किए। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले पंप हाउस का ताला तोड़कर केबल चोरी की थी और पीआरएस भवन में भी चोरी का प्रयास किया था। इस कबूलनामे के बाद आरपीएफ को पूरे गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिल सकी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल कच्छप, कृष्णा मुंडा, अनुज टोप्पो और लव मुंडा के रूप में हुई है। वहीं इस गिरोह में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। सभी आरोपितों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अनधिकार हस्तक्षेप) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

