जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 के अंतिम दिन सात को ऑफर्स की सौगात
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। युवा सामाजिक और व्यापारिक संगठन जेसीआई की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित एक्सपो उत्सव 2026 का सात अक्टूबर 2026 को आखिरी दिन है। इस दौरान आमजनों के लिए कई सामग्री पर ऑफरों की सौगात होगी। एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि पिछले छह दिनों में बड़ी संख्या में रांचीवासियों ने मेले का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी की। अंतिम दिन सभी स्टॉलों पर विशेष ऑफर्स उपलब्ध रहेंगे।
मेले में बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित कई उत्पादों के स्टॉल हैं। महिलाओं के लिए विशेष पिंक हैंगर बनाया गया है, जहां महिला उद्यमियों को स्टॉल दिए गए हैं। बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क में विभिन्न झूले भी लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि समापन समारोह में आयोजन को सफल बनाने वाले सदस्यों और स्पॉन्सर्स को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत एन आचार्य मुख्य अतिथि होंगे। गौरव सेठ, तन्वी अग्रवाल और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राखी जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि रांची के प्रमुख व्यापार मेले के रूप में पहचान बना चुके इस आयोजन का यह 29 वां संस्करण है। देश-विदेश के विभिन्न शहरों से आए कारोबारियों के करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल मेले में लगाए गए हैं।
इधर, मंगलवार को मेले के दौरान बिग बनयान ट्री स्कूल के 35 बच्चों ने एक्सपो का भ्रमण किया। वहीं मौके पर जेसीआई पदाधिकारियों ने बच्चों को फंगोला में निःशुल्क झूले का आनंद दिलाया और आइसक्रीम और टैंगो जूस उपलब्ध कराया। एक्सपो मेले में पुणे से आए जपनाम बैंड ने भजन जामिंग की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के संयोजक सिद्धार्थ जैन, नितिन पोद्दार और अनीश जैन रहे। एक्सपो के मीडिया प्रभारी वरुण जालान ने बताया कि पंचरत्न स्काईलाइन इसके प्रिंसिपल स्पॉन्सर हैं, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड पार्टनर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

