home page

खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां

 | 
खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां


खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां


रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन 27 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जाने-माने कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या ने दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।

सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण सुनिधि लाइव की प्रस्तुति रही। वहीं, इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में देवप्रिय ठाकुर (रांची) ने सितार वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, पारोमिता चौधरी एवं गृहिणी समूह के अद्वितीय बैंड ने समूह गायन के माध्यम से संगीत की खूबसूरत छटा बिखेरी।

झारखंड की लोक संस्कृति को समर्पित प्रस्तुतियों में किशोर नायक के कुंजबन समूह द्वारा नागपुरी नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। विनोद महतो एवं उनके दल ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, अशोक कश्यप द्वारा प्रस्तुत पैका नृत्य ने झारखंड की पारंपरिक लोककला, वीरता और सांस्कृतिक गौरव की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

पूरी सांस्कृतिक संध्या संगीत, कला और लोक परंपराओं के अनूठे संगम के रूप में यादगार रही। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे