पीवीयूएनएल और डीएवी ट्रस्ट के बीच समझौता, पतरातू टाउनशिप में नर्सरी से पांचवीं तक खुलेगा स्कूल
रामगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) और डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसायटी के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत पीवीयूएनएल टाउनशिप में नर्सरी से कक्षा पांचवीं कक्षा तक के विद्यालय की स्थापना की जाएगी।
समझौते पर पीवीयूएनएल की ओर से जियाउर रहमान (प्रमुख, मानव संसाधन) और डीएवी ट्रस्ट की ओर से अजय सूरी (महासचिव) ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल, शीर्ष प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ ए.के. सहगल ने कहा कि प्रस्तावित विद्यालय टाउनशिप में रहने वाले कर्मचारियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से बच्चों को दूर-दराज के स्कूलों में जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ आवागमन से जुड़े जोखिम भी घटेंगे।
यह पहल न केवल कर्मचारियों के परिवारों के लिए सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

