अभाविप ने क्लस्टर सिस्टम रद्द करने की मांग को लेकर उच्च शिक्षा सचिव को सौंपा ज्ञापन
रांची, 22 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), रांची के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कुलपति सम्मेलन के दौरान उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राहुल पुरवार से मुलाकात कर राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू की गई ‘क्लस्टर व्यवस्था’ के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इस व्यवस्था को पूरी तरह अव्यावहारिक और विद्यार्थी हितों के खिलाफ बताया है।
प्रतिनिधिमंडल ने सचिव को अवगत कराया कि इस व्यवस्था के कारण नामांकन प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और नियमित शैक्षणिक गतिविधियों में गंभीर बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। अभाविप का कहना है कि दूरस्थ परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से छात्रों का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
संगठन ने सुझाव दिया कि यदि शिक्षकों की कमी की समस्या है तो उसका समाधान शिक्षा के केंद्रीकरण के बजाय ‘फैकल्टी रोटेशन’ या ‘डिजिटल वर्चुअल क्लासरूम’ जैसी आधुनिक और व्यवहारिक व्यवस्थाओं से किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी अपने ही परिसर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें।
अभाविप रांची के प्रांत मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि सरकार को ऐसी नीतियों पर रोक लगानी चाहिए जो ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा से दूर करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्लस्टर व्यवस्था छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक बोझ डाल रही है।
अभाविप ने चेतावनी दी कि यदि इस छात्र-विरोधी व्यवस्था को जल्द वापस नहीं लिया गया और विद्यार्थियों के हितों की अनदेखी जारी रही, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
वहीं, उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को गंभीरता से सुना और इस मुद्दे पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

