home page

नशे में धुत युवक को बच्चा चोर समझ बनाया बंधक, पुलिस ने छुड़ाया

 | 
नशे में धुत युवक को बच्चा चोर समझ बनाया बंधक, पुलिस ने छुड़ाया


रामगढ़, 23 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ शहर में बच्चा चोर के अफवाह से लोगों ने नशे में घुत एक युवक को पकड़कर बंधक बनाकर पिटाई कर दी। हालांकि, पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, टीम वहां पहुंची और उक्त युवक को बचा लिया।

जानकारी के अनुसार शहर के तिरंगा चौक के मुंडा टोला में रविवार की रात करीब 11 बजे नशे में घुत युवक भटककर वहां पहुंच गया था। लोगों को लगा कि वह बच्चा चोर है और उसे पकड़ कर बांध दिया। कुछ लोग इसका विरोध कर रहे थे कि वह युवक नशे में है, लेकिन भीड़ ने उसपर बच्चा चोर का मुहर लगा दिया था।

इधर, देर रात रामगढ़ थाना के एएसआई चंद्रशेखर पिंगुवा को सूचना मिली कि बच्चा चोर को लेकर एक युवक को पकड़ा गया है। सूचना पाते ही पुलिस वहां पहुंची और उक्त युवक को लोगों के चंगुल से छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछा कि इस तरह का कोई बच्चा यहां से तो चोरी नहीं हुआ है। जिस पर लोगों ने कहा ऐसी कोई घटना नहीं घटी है। इसके बाद पुलिस ने उक्त युवक को अपने साथ थाना ले आई। पूछताछ में युवक ने अपना परिचय गोमिया निवासी करण रवानी के रूप में दिया। बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। पुलिस ने अफवाह से बचने और कानून हाथ में ना लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश