home page

सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत, एक गंभीर

 | 
सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत, एक गंभीर


दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

दुमका, 07 अगस्त (हि.स.)। जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर कुरमाहाट के समीप बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

मृतक की पहचान रामगढ़ प्रखंड के तालझारी गांव निवासी रोहित दास (40) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक पुतुल तत्त्वा (35) हंसडीहा थाना क्षेत्र के सरसा गांव का निवासी है। जानकारी के अनुसार रोहित दास कुरमाहाट साप्ताहिक हाट से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पुतुल तत्त्वा की बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल रोहित दास को पीजेएमसीएच, दुमका में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वहीं पुतुल तत्त्वा को हंसडीहा पुलिस की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। फिलहाल देवघर में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। इधर, समाचार लिखे जाने तक सड़क दुर्घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार