home page

नवजात बेटी को देखने सदर अस्पताल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

 | 
नवजात बेटी को देखने सदर अस्पताल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत


पश्चिमी सिंहभूम, 28 नवंबर (हि.स.)। नवजात बेटी को देखने सदर अस्पताल चाईबासा जा रहे 30 वर्षीय युवक सूरज बिरुवा की शुक्रवार देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुईवीर पंचायत भवन के समीप मोड़ पर हुआ, जहां उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े टेलर वाहन से टकरा गई। मृतक मंझारी प्रखंड के सेरेनगडीह गांव का रहने वाला था और गुजरात में मजदूरी करता था। बेटी के जन्म की खुशी में अस्पताल जा रहे सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।

घटना की जानकारी बीती देर रात सामाजिक अगुवा रेयांश सामड और मृतक के बड़े भाई पूर्णचंद्र बिरुवा ने दी। परिजनों के अनुसार सूरज अपनी नवजात पुत्री को देखने के लिए सदर अस्पताल आ रहे थे। तुईवीर पंचायत भवन के पास मोड़ पर सड़क किनारे खड़े टेलर वाहन से उनकी स्कूटी जा टकराई। दुर्घटना में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि सूरज के परिजन भी नवजात बच्ची को अस्पताल में देखने के बाद गांव लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने सूरज की स्कूटी देखी और रुककर आसपास पूछताछ की। इसी दौरान उन्हें दुर्घटना की जानकारी मिली। परिजनों ने सड़क पर खड़े टेलर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वाहन तकनीकी खराबी के कारण खड़ा था तो पीछे चेतावनी संकेत, इंडिकेटर या अन्य सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए थी। उन्होंने आशंका जताई कि मोड़ पर सामने से आ रही बड़ी गाड़ी की तेज रोशनी से सूरज की आंखें चौंधिया गई होंगी, जिससे वह सड़क किनारे खड़े टेलर को समय पर नहीं देख सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक