home page

बस की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

 | 
बस की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


गिरिडीह, 02 अगस्त (हि.स.)। गिरिडीह जिले के गावां-बासोडीह मुख्य मार्ग स्थित आमतरो पुल के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गावां थाना क्षेत्र के खजिया गांव निवासी पीयूष कुमार के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को मुआवजा तथा फरार बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

पीयूष कुमार पिछले लगभग दस दिनों से अपनी बुआ के घर बिरने गांव में रह रहे थे। रविवार को वह डीजल लाने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान आमतरो पुल के समीप तेज रफ्तार गंगा बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

मृतक के भाई बबलू यादव ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, क्योंकि एंबुलेंस खराब थी। मजबूरी में परिजन घायल पीयूष को बाइक से अस्पताल लेकर गए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अस्पताल में भी समय पर समुचित इलाज और ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं मिल सकी, जिसके कारण रास्ते में ही पीयूष की मौत हो गई।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी बस चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी और ग्रामीण अरविंद यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में नाबालिग चालकों द्वारा भारी वाहनों के संचालन पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि लापरवाही के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिन पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।

बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों से बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार बस चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे