home page

युवा देश का भविष्य, उनकी आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी : खरगे

 | 
युवा देश का भविष्य, उनकी आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी : खरगे


रांची, 20 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में 26 दिनों तक चले युवाओं के आंदोलन, सरकार के हस्तक्षेप, शांतिपूर्ण समाधान और आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा हुई। अंसारी ने खरगे को आंदोलन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट भी सौंपी।

इरफान अंसारी ने गुरूवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन से युवाओं के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने टकराव के बजाय संवाद के जरिए समाधान का प्रयास किया।

मौके पर खरगे ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूरी कैबिनेट, स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान तथा युवाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए बधाई दी। मुलाकात में झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर भी चर्चा हुई। अंसारी ने रिम्स-2, नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पताल, डिजिटल हेल्थ और एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar