home page

किसानों के लिए प्रखंड स्तरीय कृषक कर्मशाला आयोजित

 | 
किसानों के लिए प्रखंड स्तरीय कृषक कर्मशाला आयोजित


खूंटी, 22 मई (हि.स.)। कर्रा प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को बीडीओ स्मिता नागेशिया की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय कृषक कर्मशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ स्मिता नागेशिया, जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी घनश्याम ओहदार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार महली, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी ज्ञानचंद और बीटीएम स्नेहलता तिग्गा ने संयुक्त रूप से किया। कर्मशाला में किसानों को बदलते मौसम और कम वर्षा की स्थिति में वैज्ञानिक तरीके से खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ स्मिता नागेशिया ने कहा कि किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन, उन्नत बीजों का चयन और मौसम के अनुरूप खेती की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और अपने खेतों में नई तकनीकों को अपनाने की अपील की।

बीडीओ ने कहा कि कर्रा प्रखंड में कई प्रगतिशील किसान बेहतर खेती कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। उन्होंने किसान लोहरा महतो का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपने खेतों में भूटान की लौकी और चंदन की खेती कर अच्छी आमदनी अर्जित की है। जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और यहां अधिकांश लोग खेती पर निर्भर हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष झारखंड में कम वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को सही समय पर सही बीज और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की आवश्यकता है।

प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी ज्ञानचंद ने किसानों को मवेशियों के कानों में टैग लगाने और समय-समय पर कृमिनाशक दवा देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टैग लगे रहने से आकाशीय बिजली गिरने या अन्य दुर्घटना में मवेशियों की मृत्यु होने पर मुआवजा प्राप्त करने में सुविधा होती है। मौके पर कृषि मित्र द्वारिका साव, दोहरा महतो, जगदीश महतो, पीटर बारला सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा