home page

सार्वजनिक कुएं के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू

 | 
सार्वजनिक कुएं के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू


देवघर, 15 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और लगातार गहराते जलसंकट के बीच देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 अंतर्गत चंदाजोरी गांव के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

वर्षों से उपेक्षित पड़े सार्वजनिक कुएं की सफाई एवं जीर्णोद्धार कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। यह पहल वार्ड पार्षद मंजू देवी के प्रयास तथा नगर निगम के उप महापौर टिप चटर्जी के सहयोग से संभव हो सकी है। चंदाजोरी गांव लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा था। यह क्षेत्र पूरी तरह ड्राई जोन में आता है, जहां गर्मी बढ़ने के साथ जलस्तर काफी नीचे चला जाता है। इसके कारण हैंडपंप और अन्य जलस्रोत भी जवाब देने लगते हैं और ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने कई बार सार्वजनिक कुएं की सफाई और मरम्मत की मांग उठाई थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद मंजू देवी ने पहल की और उप महापौर टिप चटर्जी से सहयोग का अनुरोध किया। इसके बाद उप महापौर ने सरकारी प्रक्रिया की प्रतीक्षा किए बिना निजी सहयोग से तत्काल कार्य शुरू करा दिया।

कुएं की सफाई के साथ-साथ उसके चारों ओर सुरक्षा और उपयोगिता की दृष्टि से आवश्यक मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि कुएं के पुनर्जीवित होने से गांव के लोगों को पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।

समाजसेवी संजीव राय ने कहा कि भीषण गर्मी में गांव के लोग पानी की समस्या से बेहद परेशान थे। ऐसे समय में उप महापौर टिप चटर्जी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए निजी स्तर पर सहयोग कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने पूरे वार्डवासियों की ओर से उप महापौर और वार्ड पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि कुएं के चालू हो जाने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा। इसी क्रम में चंदाजोरी स्थित इस कुएं से पाइपलाइन के माध्यम से प्राथमिक विद्यालय तक पानी पहुंचाने की योजना पर भी तेजी से काम किए जाने की तैयारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy