भाजपा को छात्रों के नाम पर नहीं करने देंगे राजनीति : आलोक
रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से की गई प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष को झूठ और भ्रम की राजनीति करने से पहले तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए।
झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान कहीं भी छात्रों के साथ ज्यादती नहीं हुई, बल्कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता आंदोलन में घुसकर उसे हिंसक रूप देने का प्रयास कर रहे थे। स्वयं प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं ने भी इस बात की पुष्टि की थी।
आलोक दूबे ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है कि भाजपा को पहले अपने नेताओं की भूमिका पर जवाब देना चाहिए, उसके बाद सरकार पर सवाल उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रस्तावित खनिज अधिनियम कानून की वास्तविक मंशा अब झारखंड ही नहीं, देशभर में उजागर हो रही है। झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के आर्थिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश को प्रदेश की जनता समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक बार फिर केंद्र के साथ मिलकर झारखंड को आर्थिक रूप से अस्थिर करने की साजिश कर रही है। कांग्रेस इस मुद्दे पर किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

