कर्मा पूजा पर महिलाओं ने उठाई नशामुक्त समाज की आवाज, निकाली जागरूकता रैली
रामगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। कर्मा पूजा को नशामुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को वार्ड नंबर-6 स्थित जारा टोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद महिलाओं ने क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से पर्व-त्योहारों के दौरान शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि मुंडा ने की, जबकि संचालन सीमा सिंह ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल उपस्थित थेे।
विनोद जायसवाल ने कहा कि कर्मा पूजा के बाद दुर्गा पूजा, विश्वकर्मा पूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान शराब के सेवन से सड़क दुर्घटनाओं, घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में महिलाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि नशामुक्त माहौल में ही त्योहारों की खुशियां सही मायने में परिवार और समाज तक पहुंच सकती हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाकर योग, मॉर्निंग वॉक और जिम जैसी स्वस्थ गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
समाजसेवी रवि मुंडा ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे भी पहले शराब का सेवन करते थे, जिसके कारण उनके पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। अब उन्होंने शराब से पूरी तरह दूर रहने का संकल्प लिया है और युवाओं को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता रैली में शामिल महिलाओं ने कर्मा पूजा सहित आगामी सभी पर्व-त्योहारों को नशामुक्त वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। साथ ही बरसात के मौसम में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

