राजधानी रांची में महिलाओं ने की वट सावित्री की पूजा
रांची, 16 मई (हि. स.)। राजधानी रांची के अलग-अलग क्षेत्रों में शनिवार को महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए वट सावित्री की पूजा की और व्रत रखा।
महिलाओं ने बरगद के पेड़ के नीचे पूजा अर्चना की और वट सावित्री की कथा सुनी। पुरोहितों की ओर से अलग-अलग जगहों में महिलाओं को सावित्री सत्यवान की व्रत कथा सुनाई गई। इस अवसर पर महिलाओं ने मां सावित्री को नये वस्त्र, कई प्रकार के फल-फूल, सिंदूर, चूड़ी देकर वट वृक्ष की परिक्रमा की और वृक्ष पर कलावा बांधा।
महिलाओं ने वृक्ष की 108 बार परिक्रमा कर हर बार नैवेद्य अर्पित किया। किसी ने मूंगफली तो किसी ने सिक्का या अन्य सामग्री अर्पित कर और जल देकर मंगल कामना की। कोकर, लालपुर, बरियातू, बूटी मोड़, हरमू, धुर्वा सहित अन्य स्थानों पर सुबह से ही महिलाओं को पूजा अर्चना करते देखा गया। वहीं, दूसरी ओर शहर के सभी मंदिरों में भी देर शाम तक महिलाएं पूजा करती देखी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

