home page

रांची में महिलाओं किसानों को मिला आर्थिक संबल

 | 
रांची में महिलाओं किसानों को मिला आर्थिक संबल


रांची, 19 नवंबर (हि.स.)।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिला प्रशासन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम जारी है।

इस दौरान महिला स्वरोजगार, किसानों के सामूहिक विपणन और पशुधन संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि रातू प्रखंड में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत पांच महिलाओं को कुल 1.90 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र दिए गए।

इटकी में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत तीन मृतक लाभुकों के आश्रितों को कुल छह लाख रुपए की बीमा राशि मिली। वहीं, सोनाहातू में मंईयां सम्मान योजना की चार महिलाओं ने सहायता राशि से बांस की टोकरी निर्माण का स्वरोजगार शुरू किया है।

कृषि क्षेत्र में सादमा प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से महिला किसानों की शिमला मिर्च की प्रतिदिन दो क्विंटल बिक्री हो रही है, जिससे 15 हजार रुपए का दैनिक कारोबार हो रहा है। जिले में 1,561 बकरियों का टीकाकरण भी किया गया। इसके अलावा विभिन्न सीएलएफ को 1.97 करोड़ रुपए की सामुदायिक निवेश निधि दी गई और 1,794 लाभार्थियों का आधार ई-केवाईसी पूरा किया गया। जिलेभर में तंबाकू निषेध अभियान और विद्यालयों में झारखंड के इतिहास पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। वहीं, 20-21 नवंबर 2026 को मोरहाबादी में जनजातीय खेल प्रतियोगिता होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar