home page

झारखंंड में जल्द बनेगी महिला किसान खुशहाली योजना : शिल्पी

 | 
झारखंंड में जल्द बनेगी महिला किसान खुशहाली योजना : शिल्पी


रांची, 10 सितंबर (हि.स.)। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि महिला किसान खुशहाली योजना राज्य की महिला किसानों के लिए फ्लैगशिप योजना बनने जा रही है। विभिन्न संस्थाओं, विशेषज्ञों और महिला किसानों से मिले सुझावों के आधार पर समेकित खेती को केंद्र में रखकर योजना तैयार की जा रही है। विभागीय स्तर पर सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं को अंतिम रूप देने के बाद इसे जल्द मंत्रिपरिषद के समक्ष स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

मंत्री शिल्पी तिर्की गुरूवार को नेपाल हाउस स्थित सभागार में कृषि विभाग की प्रस्तावित महिला किसान खुशहाली योजना को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में बाेेल रही थी। बैठक में योजना के स्वरूप, लाभार्थी चयन, समेकित खेती मॉडल, सरकारी सहायता और लाभुक अंशदान पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री ने कहा कि योजना के तहत फिलहाल एक एकड़ भूमि पर समेकित कृषि प्रणाली विकसित करने का प्रस्ताव है। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार बकरी, सूकर, बत्तख और गाय पालन के साथ मछली पालन एवं बागवानी को एक मॉडल में शामिल किया जा सकेगा। इससे महिला किसानों को वर्षभर आय के कई स्रोत उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

मंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में व्यक्तिगत महिला किसान लाभुक होंगी। विभाग तीन-चार आईएफएस मॉडल तैयार कर रहा है। लाभुक का सीमित अंशदान रखने और सफल संचालन पर उसे वापस करने के प्रावधान पर भी विचार किया जा रहा है।

मौके पर विभागीय सचिव, विशेष सचिव, निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar