home page

जंगली हाथियों ने चार घरों को किया क्षतिग्रस्त, खाया दो क्विंटल धान

 | 
जंगली हाथियों ने चार घरों को किया क्षतिग्रस्त, खाया दो क्विंटल धान


गुमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में बीती देर रात एक जंगली हाथी ने समसेरा और लालटोली गांव में जमकर उत्पात मचाया। इसके साथ ही दोनों ही गांव में हाथियों ने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर भरी नुकसान पहुंचाया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हाथी की अचानक आने की खबर सुनकर ग्रामीण तत्काल एकजुट हो गए। देर रात में ही बम पटाखा फोड़ते और मशाल लेकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। गुरुवार की सुबह घटना की सूचना वन विभाग गुमला को दी गई। सूचना मिलने पर समसेरा वन समिति के अध्यक्ष बंधनू उरांव गांव पहुंचे। उन्होंने हाथी की ओर से क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लेते हुए क्षति का आकलन कर विभाग को आवेदन देने की बात कही। सभी प्रभावित ग्रामीणों को एक-एक टॉर्च लाइट दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि यहां आए दिन हाथियों का झुंड किसी न किसी ग्रामीण का घर और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि हाथी बीती रात जंगल से निकल कर लालटोली गांव में प्रवेश किया और इस गांव के संजू उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर के अंदर रखे दो क्विंटल धान भी चट कर गया। इसके बाद इसी गांव के प्रकाश उरांव के घर को भी हाथी ने पुुुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। यहां से निकल कर हाथी ने समसेरा गांव की ओर रुख किया। यहां पहुंच कर हाथी ने कमलेश उरांव के घर को अपना निशाना बनाया। घर को क्षतिग्रस्त करते हुए घर के अंदर रखे धान को खाया। साथ ही घर के अंदर रखे कई जरूरी सामान और बर्तन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथी इसी गांव के संदीप उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इधर, लालटोली गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक सह समाजसेवी बलदेव उरांव भी गांव पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों से मिलकर हाथियों की ओर से की गई क्षति की जानकारी ली और वन विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar