11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत
-धान खाने के लिए खेत में जा रहा था हाथी, नीचे लटक रहे तार के संपर्क में आने से गई जान-ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल
रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड टोला में सोमवार देर रात 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी धान खाने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ पार करते समय वह नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। यदि समय रहते इनकी मरम्मत कर तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं रखा गया, तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

