home page

माइंस रेस्क्यू परिसर में कई दिनों तक का खडा रहा स्कॉर्पियो, सीसीएल और पुलिस दोनों अनजान

 | 
माइंस रेस्क्यू परिसर में कई दिनों तक का खडा रहा स्कॉर्पियो, सीसीएल और पुलिस दोनों अनजान


रामगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। शहर के नईसराय स्थिति माइंस रेस्क्यू परिसर में लावारिस अवस्था में मिली स्कॉर्पियो को लेकर चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। वाहन के असली मालिक का पता नहीं लग सका है। सीसीएल और रामगढ़ थाना पुलिस दोनों के पास वाहन को लेकर कोई दस्तावेज मौजूद नहीं है।

माइंस रेस्क्यू के सुरक्षाकर्मी विनय बरवा ने बताया कि उस स्कॉर्पियो पर प्रेस लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि पुलिस जब गाड़ी की जांच करने पहुंची तो एक तथाकथित पत्रकार बताकर आरिफ कुरैशी ने उस गाड़ी पर अपना दवा ठोका। हालांकि उस गाड़ी से संबंधित कोई भी दस्तावेज न तो सीसीएल के अधिकारियों को दिखाया गया और ना ही पुलिस को सुपुर्द किया गया। आनन-फानन में वह गाड़ी लेकर चलता बना।

पुलिस की जांच में यह पता चला कि स्कॉर्पियो जेएच 02 एएफ 5537 सीसीएल कर्मी रितेश कुमार महतो के नाम पर दर्ज है। वर्तमान समय में रितेश कुमार महतो रजरप्पा प्रोजेक्ट में कार्यरत हैं। समाचार लिखे जाने तक रितेश न तो रामगढ़ थाने पहुंचे हैं और न ही सीसीएल के वरिय अधिकारियों को किसी प्रकार की सूचना उन्होंने दी है।

माइंस रेस्क्यू स्टेशन के अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि लगभग 15-20 दिनों से संदिग्ध अवस्था में स्कॉर्पियो गाड़ी उनके परिसर में मौजूद थी। उन्हें यह संदेह था कि कोई बड़ा अपराध करके उस गाड़ी को उनके परिसर में ही छुपाने का प्रयास किया गया है। इसी वजह से उन्होंने तत्काल इस मामले में संज्ञान लिया और रामगढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी। आगे की कार्रवाई पुलिस अपने स्तर से करेगी।

विभागीय स्तर पर जांच करने पर पता चला कि सुरक्षा कर्मी लुकमान ने 03 मार्च को उस स्कॉर्पियो की एंट्री की थी। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि 03 मार्च को एक ड्राइवर स्कॉर्पियो लेकर माइंस रेस्क्यू के गेट में घुसने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान आरिफ कुरैशी वहां पहुंचा। उसने कहा कि होली का समय है, एक दिन के लिए माइंस रेस्क्यू परिसर में उस स्कॉर्पियो को खड़ा करना है। उसने दूसरे सुरक्षा कर्मी दीपक करमाली से बात होने का हवाला दिया। उसने सांसद कार्यालय के बाहर अपनी गाड़ी खड़ी करने की बात कही। अनाधिकृत किसी भी गाड़ी की पार्किंग माइन्स रेस्क्यू परिसर में प्रतिबंधित है। इसलिए अधीक्षक ने सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश