मारवाड़ी युवा मंच ने लगाया लस्सी-शीतल जल का शिविर, लोगों को मिली राहत
रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा द्वारा शुक्रवार को ओल्ड एचबी रोड स्थित क्षेत्र में स्वागत शिविर का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए लस्सी और शीतल जल की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को काफी राहत मिली।
शिविर में मंच के सदस्यों ने आगंतुकों का उत्साह, श्रद्धा और समर्पण के साथ स्वागत किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सहयोग और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना की।
मंच के अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आए श्रद्धालु भक्तों को सुविधा प्रदान करना और उनकी सेवा करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन अवसर पर सेवा करना सौभाग्य की बात है और मंच भविष्य में भी समाजहित में इसी प्रकार के कार्य करता रहेगा।
वहीं, सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की।
मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में मंच के कई पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए और सभी ने मिलकर इसे सफल बनाया।
इस सेवा कार्य के सफल संचालन में अन्नपूर्णा सेवा प्रभारी शुभम रूंगटा एवं संयोजक अंकित अग्रवाल की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा, अनीश सरावगी, योगेश्वर अग्रवाल, रौनक मोदी, सुरेखा, प्रकाश दलानिया, विष्णु अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, शैंकी रायका, श्रेया जालान, मोहित कुमार सिंघानिया, निशांत मोदी, हर्ष पोद्दार, प्रियांशु मोदी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

