रामगढ़ प्रधान डाकघर में नवनियुक्त सहायक डाक अधीक्षक का स्वागत
रामगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। शहर के थाना चौक स्थित प्रधान डाकघर में सोमवार को नवनियुक्त सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान का डाक कर्मचारियों द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
स्वागत के बाद ब्रजेश कुमार पासवान ने डाक कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की और कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डाकघर की सेवाओं को जिले के हर क्षेत्र तक जनसेवा के भाव से पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों के शून्य बैलेंस खाते खोलने के अभियान को तेज करने का निर्देश डाक कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य है कि हर परिवार के सभी सदस्यों का डाकघर में खाता खोला जाए, ताकि लोग बचत योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
ब्रजेश कुमार पासवान ने डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को डाकघर की बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं और अन्य सुविधाओं के बारे में जागरूक करना चाहिए।
इस अवसर पर डाक निरीक्षक रामगढ़ पूर्वी आशीष कुमार पांडे, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय, नरेंद्र कुमार सिंह, रामखेलावन चौधरी, अरुण कुमार सिंह, चंद्रशेखर कुमार, प्रशांत कुमार सिंह, शम्भू दत्त सिंह, कुंदन कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

