home page

झारखंड में बारिश के बीच मौसम सुहावना, लातेहार सबसे ठंडा, गुड़ाबांधा में सर्वाधिक वर्षा

 | 
झारखंड में बारिश के बीच मौसम सुहावना, लातेहार सबसे ठंडा, गुड़ाबांधा में सर्वाधिक वर्षा


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य में न तो तेज गर्मी का असर है और न ही अत्यधिक ठंड महसूस की जा रही है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से सुबह और रात के समय हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों राज्य में सबसे सुहावना मौसम लातेहार में दर्ज किया गया है। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच महज 5.3 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने से मौसम काफी संतुलित बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ। इसी अवधि में पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा में सर्वाधिक 66.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इधर, राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने के बावजूद दिन में हल्की उमस महसूस की गई।

शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak