home page

झारखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, शनिवार से आंशिक बादल छाने के आसार

 | 
झारखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, शनिवार से आंशिक बादल छाने के आसार


रांची, 27 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम का उतार-चढ़ाव फिलहाल जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में शनिवार और रविवार को आसमान में आंशिक बादल रहेंगे। हालांकि, सोमवार से मौसम के पुनः साफ होने की संभावना जताई गई है। बादलों के प्रभाव से अधिकतम तापमान में कमी आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को दिन के समय गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान क्षेत्र के आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति भी बनी हुई है, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसका प्रभाव झारखंड सहित देश के कई राज्यों के मौसम पर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लोहरदगा में 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर मौसम साफ रहा तथा मध्यम गति से हवा चलती रही। हवा के कारण दोपहर में गर्मी का असर कम महसूस हुआ, जबकि सुबह के समय हल्की ठंड बनी रही।

शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान में अंतर देखने को मिला। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री तथा न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बोकारो में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है और लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak