home page

झारखंड में आंधी-ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी, आपदा प्रबंधन-प्रशासन हाई अलर्ट पर

 | 
झारखंड में आंधी-ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी, आपदा प्रबंधन-प्रशासन हाई अलर्ट पर


रांची, 20 मार्च (हि.स.)। मौसम विभाग की ओर से झारखंड के विभिन्न जिलों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका जताए जाने के बाद राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा को देखते हुए राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को सभी उपायुक्तों और विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।

डॉ. इरफान अंसारी ने जिलों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को सक्रिय रखने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। उनका उद्देश्य है कि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

मंत्री ने बताया कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और विभागीय गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विभाग ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जाएंगे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar