मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
रांची, 06 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया है। निधन की सूचना मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष रविवार को अपने क्षेत्रीय आवास नाला से गिरिडीह पहुंचे और सुदिव्य कुमार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पार्थिव शरीर का दर्शन कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुदिव्य कुमार उनके अनुज के समान थे। उनके असामयिक निधन से वे स्तब्ध हैं। सुदिव्य कुमार वर्तमान झारखंड मंत्रिमंडल के एक ऊर्जावान मंत्री थे। उनका यूं असमय चले जाना बेहद दुखद और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से पूरा झारखंड शोक में डूबा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में सुदिव्य कुमार का जनसेवा से व्यापक सरोकार रहा। गिरिडीह सहित राज्य की जनता उनके योगदान को कभी नहीं भूल पाएगी।
उल्लेखनीय है कि सुदिव्य कुमार झारखंड मुक्ति मोर्चा में विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुके थे। वर्ष 2019 में वे गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के टिकट पर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। विधायक के रूप में उन्होंने झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति, सामान्य प्रयोजन समिति और प्रत्यायुक्त विधान समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया।
वर्ष 2024 में दोबारा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने मंत्री पद का दायित्व संभाला। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायी कार्यों में उनकी रुचि और विकासात्मक कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने की उनकी क्षमता राजनीतिक जगत को हमेशा उनकी अनुपस्थिति का एहसास कराती रहेगी।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हम सभी शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

