home page

एसआईआर में लापरवाही पर अधिकारियों को डीसी ने किया शो-कॉज

 | 
एसआईआर में लापरवाही पर अधिकारियों को डीसी ने किया शो-कॉज


रांची, 06 नवंबर (हि.स.)।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को समीक्षात्मक बैठक की।

इस अवसर पर उन्होंने तार्किक विसंगति (लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी) और नो मैपिंग से जुड़े लंबित मामलों का समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को शो-कॉज करते हुए आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं युवा तथा नए मतदाताओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

समीक्षा में उपायुक्त को बताया गया कि रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में 6,44,071 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें तार्किक विसंगति के 4,35,270 और नो मैपिंग के 2,08,801 मामले शामिल हैं। तार्किक विसंगति के मामलों में 58.11 प्रतिशत और नो मैपिंग में 31.69 प्रतिशत निष्पादन हुआ है।

बताया गया कि जिले में कुल 19,79,987 मतदाताओं में से 16,36,949 मामलों का निष्पादन किया गया है। इस प्रकार कुल निष्पादन 82.67 प्रतिशत दर्ज किया गया।

बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar