home page

विवेकानन्द विद्या मंदिर में दो दिवसीय अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता ‘विवेकोत्सव-2026’ शुरू

 | 
विवेकानन्द विद्या मंदिर में दो दिवसीय अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता ‘विवेकोत्सव-2026’ शुरू


- 16 विद्यालयों के 700 से अधिक विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में ले रहे हिस्सा

रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। धुर्वा स्थित विवेकानन्द विद्या मंदिर में शुक्रवार को दो दिवसीय अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता ‘विवेकोत्सव-2026’ का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में 16 विद्यालयों के 700 से अधिक विद्यार्थी साहित्य, संगीत, कला, नाट्य, उद्यमिता और खेल सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

विद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्घाटन वंदे मातरम के सामूहिक गायन, वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों और निर्णायकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में सांस्कृतिक रंग भरे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, रांची के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कुमार संजय ने कहा कि नई पीढ़ी तक स्वामी विवेकानन्द के विचारों और आदर्शों को पहुंचाना जरूरी है। शिक्षा के साथ संस्कार और विश्व बंधुत्व की भावना का विकास भी महत्वपूर्ण है।

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अमिताभ लाहा ने कहा कि विवेकोत्सव विद्यार्थियों की साहित्यिक, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच है।

प्रतियोगिता के तहत शिकागो स्पीच, काव्यांजलि, नाट्य सरगम, सुरांजलि, बिज विजन, कैनवास क्रॉनिकल, कैलीग्राफी, मॉक कोर्ट ट्रायल, क्रिकेट ऑक्शन और मृतिका सृजन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डिप्टी डायरेक्टर नूतन कुमारी, मनन विद्या की प्राचार्या रेखा नायडू सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और निर्णायक उपस्थित थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar