home page

जेल में बंद आरोपित की संदिग्धावस्था में मौत को लेकर ग्रामीणों मे उबाल

 | 
जेल में बंद आरोपित की संदिग्धावस्था में मौत को लेकर ग्रामीणों मे उबाल


लाेहरदगा, 29 जुलाई (हि.स.)। लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड के पंडरा गांव निवासी व प्रेम - प्रसंग के मामले में लोहरदगा जेल में न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपित की जेल में संदिग्धावस्था में मौत के बाद पंडरा के ग्रामीण उबल पड़े। आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-39 कुड़ू - रांची मुख्य पथ को थाना क्षेत्र के पंडरा चौक के समीप जाम कर दिया।

दो घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद न्यायिक जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर सड़क जाम हटाया गया। सड़क जाम के दौरान दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। बताया जाता है कि जाहिद पवरियां उर्फ रिंकू पर गांव की एक लड़की ने प्रेम - प्रसंग का झांसा देकर यौन शौषण का आरोप लगाते हुए कुड़ू थाना में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करते हुए डेढ़ माह पहले न्यायिक हिरासत में लोहरदगा जेल भेज दिया था। लोहरदगा जेल में बंद जाहिद पवरियां उर्फ रिंकू की मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

बुधवार सुबह कुड़ू पुलिस ने मृतक जाहिद पवरियां उर्फ रिंकू के परिजनों को सुचना दी। रिंकू की मौत की सुचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सुचना देने गए पुलिस अधिकारी के समक्ष ही नारेबाजी करने लगे।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 09 बजे नेशनल हाईवे 39 कुड़ू - रांची मुख्य पथ को पंडरा चौक के समीप जाम कर दिया। सड़क जाम होते ही एसडीपीओ श्रदा केरकेट्टा, सीओ संतोष उरांव, पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों से वार्ता का दौर शुरू हुआ।

ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि जाहिद पवरियां उर्फ रिंकू से मंगलवार को मुलाकात करके उसके परिजन लौटे थे तब रिंकू बिलकुल स्वस्थ था। रात-भर में कैसे मौत हो गई। जेल में जाहिद की हत्या की गई है। जाम स्थल पर लोग उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग पर अड गए। बाद में नेताओं और पुलिस अधिकारियों एवं प्रशासन के बीच वार्ता की गई कि मामले की न्यायिक जांच होगी, लोहरदगा जेल मे लगे सीसीटीवी को देखा जायेगा एवं मामले में जो भी दोषी होगा उसपर कड़ी कार्रवाई किया जायेगा, इसके बाद सड़क जाम हटाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर