धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा करने के लिए बने हितचिंतक: डॉ बिरेन्द्र
रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद का राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान का शुभारंभ विहिप झारखण्ड - बिहार के क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने रांची के प्रसिद्ध लोकगीतकार पद्मश्री मुकुंद नायक को हितचिंतक बनाकर किया।
इस अवसर पर क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने कहा विश्व हिंदू परिषद एक धार्मिक और सांस्कृतिक संगठन है। प्रत्येक तीन वर्ष में हिंदू समाज को जोड़ने की दृष्टि से संपूर्ण राष्ट्र में हितचिंतक अभियान चलाया जाता है। पूरे देश में एक करोड़ हितचिंतक बनाने का लक्ष्य है। वहीं पटना क्षेत्र (झारखण्ड-बिहार) में सात लाख से अधिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे देश में विहिप एप्प से ऑनलाइन के साथ-साथ रसीद के माध्यम से भी बनाया जा रहा है जिसका शुल्क मात्र 20 है।
डॉ साहू ने हिंदू समाज से अपील किया है कि 22 नवंबर से छह दिसंबर तक चलने वाले अभियान में हिंदू हितचिंतक अवश्य बने। विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक बनकर हिंदू विचारधारा के कार्यों को मजबूत करने, समाज को संगठित करने, धर्म संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने, गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, धर्मांतरण रोकने के साथ साथ सेवा एवं संस्कारित समाज बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर विहिप रांची महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी, शिवप्रसाद साहू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

