home page

विहिप के प्रांत मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग का समापन

 | 
विहिप के प्रांत मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग का समापन


विहिप के प्रांत मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग का समापन


रामगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद झारखंड की महिला इकाई मातृशक्ति के तत्वावधान में रामगढ़ के बिंझार स्थित मान्या बैंक्वेट हॉल एंड रिजॉर्ट में आयोजित तीन दिवसीय प्रांत मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हुआ।

समापन समारोह में विहिप झारखंड के प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, प्रांत मातृशक्ति प्रमुख अनिमा पांडेय, सह प्रमुख शशि शर्मा और प्रांत बाल संस्कार केंद्र प्रमुख सबिता सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। अतिथियों ने भगवान श्रीराम, मां दुर्गा और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रशिक्षण वर्ग में झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों माताओं-बहनों ने भाग लिया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए विहिप झारखंड के प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने ‘राष्ट्रीय चिंतन में महिलाओं की सहभागिता’ विषय पर मातृशक्ति को संबोधित किया। उन्होंने लव जिहाद, धर्मांतरण, जातिवाद और घर वापसी जैसे सामाजिक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि इन चुनौतियों के प्रति समाज को जागरूक करने में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना होगा।

उन्होंने मातृशक्ति से अपने घर और आसपास बाल संस्कार केंद्र संचालित करने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से परिचित कराया जाना चाहिए। संस्कारवान पीढ़ी का निर्माण ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है। वहीं विहिप झारखंड के प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार ने कहा कि मातृशक्ति को मां दुर्गा के साहस, शक्ति और आत्मसम्मान को अपना आदर्श बनाना चाहिए।

जब समाज की मातृशक्ति जागरूक, संगठित और संस्कारित होगी, तब समाज की बहन-बेटियों के सम्मान की रक्षा और अधिक मजबूती से होगी। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि संस्कारवान और सशक्त समाज के निर्माण की प्रमुख शक्ति है। तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक दायित्वों, सेवा कार्यों, योग, व्यायाम, खेलकूद तथा शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास का प्रशिक्षण दिया गया।

समापन के बाद अतिथि भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के लोगों को भी आमंत्रित किया गया। सभी ने सामूहिक रूप से भोजन किया। इस अवसर पर विहिप झारखंड प्रांत के मठ-मंदिर सह प्रमुख मनोज पांडेय, रामगढ़ जिला अध्यक्ष संतु भाई मानिक, उपाध्यक्ष रमा शर्मा, जिला मंत्री छोटू वर्मा, सह मंत्री तरुण वर्मा, भागीरथी पोद्दार, अमित कुमार, मातृशक्ति प्रमुख अर्चना महतो, बजरंग दल रामगढ़ जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर, सह संयोजक नंदकिशोर राम, जगत नारायण शाह, संतोष सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश