वाहन चोर गिरोह का खुलासा, चोरी के 12 बाइक के साथ सात गिरफ्तार
रांची, 19 मई (हि.स.)। रांची पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अभय सिंह उर्फ मन्नु, वसीम ओहदार, दानिस आलम, सरीफ खान, नसीम अंसारी , तौहिर अंसारी और मोईन खान शामिल है। इनके निशानदेही पर 12 चोरी किए गए दो पहिया वाहन और छह मोबाईल फोन भी बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिली थी कि एक ब्लू रंग के चोरी की बाइक से एक युवक रामपुर की ओर जा रहा है और बाइक चोरी की है। इस सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामकुम के सिदरोल जोड़ा मंदिर के पास चेकिंग प्रारंभ किया। चेकिंग के कम में एक ब्लू रंग का बाइक ( जेएच01 ईएम-3762) के साथ एक युवक को पकड़ा गया। पुलिस की ओर से नाम-पता पूछने पर पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम अभय सिंह बताया। जबकि मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ करने पर बताया कि ये बाइक चोरी की है, जिसे नामकुम बाजार से चोरी किया गया था और नंबर प्लेट बदलकर उसे बेचने के लिए बेड़ो के वसीम ओहदार के पास ले जा रहा था।
आरोपित ने यह भी बताया कि वह मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में कई बार जेल जा चुका है और जेल में ही वसीम ओहदार उर्फ वसीम आलम से मुलाकात हुई थी। जेल से निकलने के बाद दोनों के द्वारा बाइक चोरी का एक गिरोह बनाया गया। गिरोह बनाने के बाद साथ रांची के विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाले हाट-बाजार से बाइक चोरी करके उसे वसीम एवं गिरोह के अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गाड़ी का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट बदलकर फर्जी प्लेट लगाकर दूसरों को बेच देते हैं। इससे जो भी रकम आती थी उसे आपस में बांट लेते थे।
अभय के पकड़े जाने के बाद पुलिस को उसके पूरे गिरोह की जानकारी हासिल हो गई। जिसके बाद गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर संगठन में शामिल सभी आरोपित के पास से कुल 12 बाइक बरामद किया गया। साथ ही मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में कुल सात आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

