पचमो जंगल में मवेशियों से लदा वाहन पलटा, 15 की मौत
चतरा, 29 अगस्त (हि.स.)। मयूरहंड थाना के पचमो-मयूरहंड मुख्य पथ पर पंचमो जंगल के समीप शनिवार सुबह मवेशियों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 15 मवेशियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य मवेशी घायल हो गये। दुर्घटना के बाद वाहन चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक संख्या में मवेशियों को लादकर ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में मवेशियों को चौपारण की ओर से हजारीबाग ले जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों का परिवहन वैध दस्तावेजों के साथ किया जा रहा था या नहीं। इसी के आधार पर मामले में कथित पशु तस्करी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

