home page

मनोकामना मंदिर में गूंजा संपूर्ण वंदे मातरम

 | 
मनोकामना मंदिर में गूंजा संपूर्ण वंदे मातरम


लोहरदगा, 25 सितंबर (हि.स.)। नमामि भारतम के तत्वावधान में पूरे देश के साथ लोहरदगा जिला भी वंदे मातरम के 150वें वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस अवसर पर बरवाटोली स्थित मनोकामना मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से संपूर्ण वंदे मातरम का गायन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और राष्ट्रगीत का सामूहिक गान कर देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गयी। इसके बाद उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संपूर्ण वंदे मातरम का गायन किया। राष्ट्रगीत के गायन से पूरा मंदिर परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। इस दौरान लोगों ने भारत की एकता, अखंडता और गौरवशाली संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

आयोजकों ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इसके शब्दों ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में देश के प्रति समर्पण और त्याग की भावना जगाने का काम किया। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का अवसर है।

उन्होंने कहा कि ‘नमामि भारतम’ के आह्वान पर देश के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोहरदगा के लोगों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए संपूर्ण वंदे मातरम का सामूहिक गान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।

मौके पर स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर