home page

रील्स के दौर में सोशल मीडिया का सीमित और सार्थक उपयोग जरूरी : भजन्त्री

 | 
रील्स के दौर में सोशल मीडिया का सीमित और सार्थक उपयोग जरूरी : भजन्त्री


रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, डोरंडा में आयोजित सीनियर स्कूल कॉन्सर्ट-2026 में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री मुख्य अतिथि के रूप में मंगलवार काे शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने प्रसिद्ध उपन्यासकार लुइसा में अलकॉट की कृति लिटिल वुमन पर आधारित शानदार मंचीय प्रस्तुति दी। संगीत, नृत्य और नाट्य के समन्वय से हुई प्रस्तुति की उपायुक्त ने सराहना की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा इंटरनेट, सोशल मीडिया और रील्स के दौर की पीढ़ी है। ऐसे में तकनीक से दूरी समाधान नहीं, बल्कि उसका सही दिशा में उपयोग जरूरी है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सीमित और सार्थक इस्तेमाल करते हुए अपनी ऊर्जा शिक्षा और भविष्य निर्माण में लगानी चाहिए।

उन्होंने छात्राओं को सही मित्रों का चयन करने की सलाह देते हुए कहा कि अच्छी संगति व्यक्ति के विचार और व्यक्तित्व को सकारात्मक दिशा देती है। माता-पिता और शिक्षक विद्यार्थियों के शुभचिंतक हैं, इसलिए उनके मार्गदर्शन और संस्कारों को महत्व देना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि हर बच्चा खास है और सभी में अलग-अलग क्षमताएं होती हैं। सफलता केवल प्रसिद्धि नहीं, बल्कि अपनी क्षमता पहचानकर सार्थक कार्य करने में है। उन्होंने छात्राओं से अपनी स्ट्रेंथ पहचानने, आत्मविश्वास रखने और हर चुनौती का सामना करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, प्राचार्या सिस्टर के क्लारा सहित शिक्षक, छात्राएं और अभिभावक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar