home page

(अपडेट) विधायक पुत्र से छात्रों ने की मारपीट, जांच में जुटी पुलिस

 | 
(अपडेट) विधायक पुत्र से छात्रों ने की मारपीट, जांच में जुटी पुलिस


(अपडेट) विधायक पुत्र से छात्रों ने की मारपीट, जांच में जुटी पुलिस


रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। शहर के धुर्वा थाना क्षेत्र में एमिटी यूनिवर्सिटी के मेन गेट के बाहर सोमवार को शराब के नशे में छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस विवाद के दौरान लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ पासवान भी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद विधायक की ओर से पुत्र के अपहरण की सूचना पुलिस को दिए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नये विधानसभा के पास से विधायक पुत्र को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक विधायक पुत्र ने भी शराब पी रखी थी। रांची सिटी एसपी पारस राणा ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि एमिटी यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र मेन गेट के बाहर शराब पी रहे थे। इसी दौरान छात्रों के दूसरे गुट से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों गुटों के बीच जमकर हाथापाई हुई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान सौरव पासवान के साथ भी मारपीट की गई। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने फोन कर अपने पुत्र के अपहरण की सूचना दी थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

सिटी एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रों के दूसरे गुट के युवक सौरभ पासवान को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए थे। बाद में उन्हें नई विधानसभा के पास रास्ते में उतार दिया गया। पुलिस ने सौरभ पासवान को रिकवर कर थाने पहुंचाया।

सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि शुरुआती जांच में मामला अपहरण का नहीं लग रहा है। प्रथम दृष्टया जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक पूरी घटना शराब के नशे में छात्रों के बीच हुए विवाद और मारपीट से जुड़ी है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सौरभ पासवान के साथ मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। सिटी एसपी ने कहा कि एफआईआर के आधार पर मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। यूनिवर्सिटी गेट के बाहर शराब पीने और उसके बाद छात्रों के बीच हुए विवाद ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस तीन छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे