केंद्रीय मंत्री ने किया झिरी डंपिंग यार्ड में बन रहे बायो गैस प्लांट का निरीक्षण
रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने गुरुवार को राजधानी रांची के झिरी डंपिंग यार्ड में बन रहे गेल इंडिया लिमिटेड के बायो गैस प्लांट और लेगेसी वेस्ट बायोरेमेडिएशन परियोजना का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बायो गैस प्लांट की कार्यप्रणाली, जैविक कचरे से गैस उत्पादन की प्रक्रिया के बारे में केंद्रीय मंत्री अवगत हुए।
उन्होंने इस परियोजना से होने वाले पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा संबंधी लाभों की जानकारी प्राप्त की। झिरी डंपिंग यार्ड में वर्षों से जमा लेगेसी वेस्ट के बायोरेमेडिएशन तकनीक से किए जा रहे वैज्ञानिक तकनीकी से कार्य का भी जायजा लिया।
इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों से परियोजना के तकनीकी और संचालन संबंधी पहलुओं पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने दोनों परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
इससे स्वच्छ, स्वस्थ और शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा। परियोजनाओं को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और नवीनतम तकनीकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके और शहर में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था और मजबूत हो।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, पीएमसी टीम, गेल इंडिया लिमिटेड के अधिकारी और मेसर्स गुरु रामदास कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

