home page

आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम है झारखंड का बजट : कमलेश

 | 
आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम है झारखंड का बजट : कमलेश


रांची, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य सरकार सरकार की ओर से पेश किए गए आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि बज़ट राज्य के समग्र विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने मंगलवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट न केवल मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखता है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के समाधान की भी स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है।

कमलेश ने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संतुलित और प्रभावी प्रावधान किया है। ग्रामीण विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए विशेष योजनाओं का विस्तार राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देगा। सिंचाई, सड़क और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाओं पर बढ़ा हुआ निवेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच की खाई को कम करने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि युवा वर्ग के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले प्रावधान अत्यंत सराहनीय हैं।

इससे राज्य के युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर मिलेंगे और पलायन की समस्या में कमी आएगी। महिलाओं के सशक्तिकरण, छात्रवृत्ति योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों में बढ़ोतरी समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak