home page

पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत

 | 
पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत


लातेहार, 16 जुलाई (हि.स.)।सदर थाना क्षेत्र के नवोदय रोड स्थित कस्तूरबा विद्यालय के समीप रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पीयूष कुमार (20) तथा पवन साहू (20) के रूप में हुई है। दोनों लातेहार जिला मुख्यालय के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से नवोदय रोड की ओर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों सड़क किनारे एक महुआ के पेड़ के नीचे रुक गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान पीयूष कुमार का मोबाइल भी ब्लास्ट हो गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना की सूचना मिलने पर लातेहार सदर थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि वज्रपात की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार