home page

(संशोधित) दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

 | 
(संशोधित) दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत


नोट-यह खबर संशोधन के बाद दोबारा जारी की गई है।

दुमका, 10 जुलाई (हि.स.)। दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहेजना गांव के समीप गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस को शव उठाने से रोकते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:45 बजे सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। ट्रक चालक और खलासी उसके पास भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान नोनीहाट की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में करेली मोड़ निवासी गौरी शंकर मांझी के 25 वर्षीय पुत्र करण कुमार मांझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरंगपानी गांव निवासी स्वर्गीय भैरव लायक के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार लायक को गंभीर अवस्था में फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर शव हटाने से रोक दिया। उनका कहना था कि जब तक दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जाम के कारण स्टेट हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

रामगढ़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रमेश भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रक चालक और वाहन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सहेजना गांव के पास रात के समय अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों ने हाईवे पर सड़क किनारे अनियमित रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियमित पुलिस गश्त, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह